Monday, March 21, 2011

प्रादेशिक समाचारः-21.03.2011

मुख्य समाचारः

*  हरियाणा के मुख्यमंत्री ने वैज्ञानिकों को जल बचाने के तकनीक सुझाने व किसानों से खाद्यान्न का उत्पादन दो गुणा करने का आह्वान किया है।
*  राज्य के जाट नेताओं ने आरक्षण न मिलने तक अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।
*  केंद्र सरकार ने सर्वशिक्षा अभियान में अपना हिस्सा 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 65 प्रतिशत किया।
*  मेवात जिले के पीपाका गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में सात व्यक्तियों की मृत्यु।

    मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि वर्ष दर वर्ष कृषि जोत घट रही है उधर जनसंख्या वृद्धि के कारण खाद्यान्न की मांग बढ़ रही है ऐसे में वैज्ञानिकों के लिए यह जरूरी हो गया है कि वे दूसरी हरित क्रांति का आगाज करें। उन्होंने कहा है कि वर्ष 2020 तक आज के मुकाबले प्रदेश का अन्न उत्पादन दो गुणा करना है तो कृषि वैज्ञानिकों को फसलों, फलों व सब्जियों की सघन खेती के लिए ऐसी नायाब किस्में विकसित करनी होंगी जो कम लागत में भी अधिक उत्पादन देने में सक्षम हों। आज हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय किसान मेले के उद्घाटन के बाद किसानों एवं वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने भूमिगत जल स्तर नीचे जाने के मद्देनजर जल प्रबंधन की नई तकनीकों को लोकप्रिय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रदेश के सहकारी बैंकों से चार प्रतिशत ब्याज पर ऋण दिए जा रहे है और केंद्र सरकार भी इन ऋणों की समय अदायगी करने वाले किसानों को चार प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाएगी।

    हरियाणा सरकार ने राज्य में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए एक नई योजना तैयार की है तथा इसके तहत वित्त वर्ष 2011-12 के दौरान एक करोड़ रूपये का प्रावधान किया है। योजना के अंतर्गत कीटनाशकों के कम से कम उपयोग तथा बेहतरीन कृषि तकनीक अपनाकर जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। बागबानी विभाग के एक प्रवक्ता ने आज चंडीगढ़ में बताया कि विभाग द्वारा दस हजार हैक्टैयर क्षेत्र को जैविक खेती के अधीन लाने पर ध्यान केंद्रीत किया जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि योजना का उद्देश्य किसानों, दुकानदारों, कीटनाशक फर्मो तथा डीलरों को कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागृत करना भी है। क्योंकि किसान निर्धारित सीमा से 20 गुणा अधिक कीटनाशक उपयोग कर रहे है।

    हरियाणा के जाट नेताओं ने आज की बैठक के बाद आरक्षण न मिलने तक अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम दिया है कि अगर 25 तारीख तक उनकी मांग ना मानी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जाट प्रतिनिधियों ने कहा है कि अब तक जाम किए गए रेल मार्गो को नहीं खोला जाएगा और समय सीमा खत्म होने पर प्रदेश में अन्य बचे रेल मार्गो को भी बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने मांग ना माने जाने पर प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग अमृतसर दिल्ली को जाम करने और दिल्ली को दूध गैस और बिजली सहित और अन्य खाद्य साम्रागी की आपूर्ति रोकने की चेतावनी दी है। इस बीच प्राप्त जानकारी के अनुसार रेवाड़ी के प्राणपुर में रेल यातायात खुलवाने के लिए केंद्रीय रिर्जव पुलिस बल के जवान पहुॅच गए है। उन्होंने आंदोलन कारियों को ट्रैक खाली करने की चेतावनी दी है।

    केंद्र सरकार ने सर्व शिक्षा अभियान तहत केंद्र द्वारा दिए गए हिस्से की रकम 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 65 प्रतिशत कर दी गई है। यह राज्यों पर आर्थिक भार कम करने के लिए किया गया है। सभी को शिक्षा अधिनियम के तहत केंद्र सरकार सर्व शिक्षा अभियान को उच्चतम वरीयता दे रही है। इस कार्यक्रम की देखरेख के लिए बजट में 6 प्रतिशत की राशि रखी गई है। कुलपतियों की एक समिति अतिरिक्त सहायता देने के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले  विश्वविद्यालयों की पहचान कर रही है ताकि वे विश्वस्तर पर श्रेष्ठ संस्थानों में स्थान पा सकें।

    मेवात जिले के पीपाका गांव के पास तावडू सोहना मार्ग पर हुए सड़क हादसें में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और आठ गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और दो बच्चें भी शामिल हैं। यह दुर्घटना तब हुई जब एक सोहना की तरफ जा रहा एक सवारियों से भरा थ्रीव्हीलर सामने से आ रहे डम्पर से टकरा गया। थ्रीव्हीलर में बैठे लोग राजस्थान के मिल्कपुर गांव में बाबा मोहन राम स्थान पर होली मेला देखकर लौट रहे थे। घायलों को गुड़गांव के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। डम्पर का चालक फरार है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है और डम्पर चालक की गिरफतारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

    कृषि विश्वविद्याालय हिसार किसानों व कृषि अधिकारियों को मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी एसएमएस के माध्यम देने वाला देश का पहला विश्वविद्यालय बन गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति डा के एस खोखर ने आज दोपहर बाद किसान मेले में इस अनूठी पहल की शुरूआत की।  उन्होंने कहा कि यदि किसान को सही समय पर मौसम की जानकारी मिल जाए तो वह अपनी फसल को मौसम बदलाव से होने वाले नुकसान से बचा सकता है। उन्होंने कहा कि किसानों को यह सुविधा मुफ्त दी जाएगी और अशिक्षित किसानों के लिए भी आवाज वाले संदेश दिए जाएंगे।

    हरियाणा साहित्य अकादमी द्वारा 29 मार्च को हरियाणा निवास सैक्टर 3 चंडीगढ़ में हरियाणा साहित्यक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है। हरियाणा साहित्य अकादमी की निदेशक डा मुक्ता ने चंडीगढ़ में कहा कि समारोह में 20 लेखकों को पुरस्कार स्वरूप 21-21 हजार रूपये की नकद राशि व प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
 

No comments:

Post a Comment