Wednesday, March 23, 2011

प्रादेशिक समाचारः- 23.03.2011

मुख्य समाचारः

*  कृतज्ञ राष्ट्र आज अपने महान शहीद भगत सिंह, राजगुरू तथा सुखदेव को भावभीनी  श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
*  पंजाब तथा हरियाणा उच्च न्यायालय ने हरियाणा सरकार से रेल यातायात खुलवाने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी है।
*  हरियाणा में हर वर्ष पांच करोड़ पौधे लगाने का निर्णय हुआ है।
*  भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति को किसान विरोधी करार दिया है।
*  जींद के प्रदीप गिल को इनैलो के युवा विंग का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है।

    कृतज्ञ राष्ट्र अपने महान सपूतों शहीदों आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरू तथा सुखदेव के 81 वें बलिदान दिवस पर आज उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। आज के ही दिन सन् 1931 में इन तीनों को अंग्रेजी प्रशासन ने फंासी दी थी। फिरोजपुर जिले के अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट हुसैनीवाला में बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्तों की समाधि पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। महान शहीद के जन्म स्थल खरकड़ कलां में शिरोमणी अकाली दल भारतीय जनता पार्टी गठबंधन कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्कसवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने राजनैतिक सम्मेलन करके अपने कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा शहीदों को श्रद्धांजलि दी। भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि कृषि को राष्ट्रीय व्यवसाय का दर्जा दिया जाए यही एक बड़ी श्रद्धांजलि होगी। प्रकाश सिंह बादल ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयारी का आह्वान किया। सी पी आई नेता ए बी बर्धन तथा सी पी एम नेता प्रकाश क्ररात ने भ्रष्टाचार घोटालों और परमाणु संधि के लिए केंद्र की आलोचना की।

    पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने कहा कि पंजाब आर्थिक पतन का शिकार है। उन्होंने कहा कि महान शहीदों की आशाओं और आकांक्षाओं को अकाली दल भाजपा जैसे दल विफल कर रहे हैं जनता इस सरकार की नीतियों से कदापि प्रसन्न नहीं है।

    युवा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा है कि वर्तमान युवा पीढ़ी को अमर शहीद भगत सिंह से देश प्रेम और कर्तव्य भावना की सीख लेने की आवश्यकता है वह फरीदाबाद में भगत सिंह चौक पर अखिल भारतीय भगत सिंह ब्रिगेड द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद और पूरे हरियाणा को इस बात पर गर्व है कि महान शहीद का परिवार प्रदेश का निवासी है। उन्होंने कहा भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव के विचार आज भी प्रासंगिक है और युवाओं को देश और समाज को प्रगति के मार्ग पर ले जाना होगा। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि भगत सिंह के वंशज, यादवेंद्र सिंह संधु उनकी देश भक्ति परम्परा को आगे बढ़ा रहे हैं। आज शहीदी दिवस पर लोक निर्माण मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने महान शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर के बीचों बीच एक पुल का लोकार्पण किया तथा पुल के दोनो और स्थापित शहीद मदन लाल ढींगरा तथा किशन भारद्वाज के स्मारकों पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने कैथल जिले को बाढ़ से बचाने के लिए घग्गर के साथ साथ 10 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाली दीवार की विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले के लिए 26 करोड़ रूपए की परियोजनाएं स्वीकृत की गई है। ड्रेन की क्षमता 219 क्यूसिक से बढ़ाकर 1026 क्यूसिक करने पर डेढ़ करोड़ रूपए खर्च होंगे।

    पंजाब तथा हरियाणा उच्च न्यायालय ने हरियाणा सरकार से जवाब मांगा है कि वह गुरूवार तक बताए कि रेल यातायात नियमित करने के लिए उसने कया कदम उठाए है और कहंा तक सफलता मिली है। गौरतलब है कि जाट आरक्षण आंदोलन के चलते पिछले 18 दिन से प्रदेश में रेल सेवा लगभग ठप्प पड़ी है। कोयला आपूर्ति न होने के कारण खेदड़ थर्मल प्लांट भी बंद पड़ा है। प्रदेश में कई जगह रैपिड एक्शन फोर्स के फलैग मार्च के बावजूद रेल पटरियों से धरने उठाने के लिए सरकार की तरफ से अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जाट नेताओं ने 28 मार्च को दिल्ली को पानी, गैस एवं अन्य खाद्य साम्रंगी की आपूर्ति रोकने की चेतावनी भी दी हैं। इसी बीच लोक निर्माण एवं उद्योग मंत्री रणदीप सुरजेवाला ने आज आंदोलन रत जाट समुदाय से अपील की है कि वे आरक्षण पर विपक्षीय दलों के बहकाफे में न आए और उन द्वारा आरक्षण के लिए यातायात बाधित करना उचित नही है। रेलवे ट्रªैक बंद करने से आम आदमी के साथ साथ उद्योग जगत को भी काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। हमारे चंडीगढ़ संवाददाता अश्विनी कुमार शर्मा की एक रिर्पोटः- हरियाणा में आरक्षण आंदोलन के लम्बा खिंचने और सरकार द्वारा रेल यातायात खुलवाने के लिए कोई कारवाई न करने से आम आदमी परेशान है। कोई भी राजनीतिक दल जाट समुदाय को नाराज़ नहीं करना चाहता। इनैलो अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला ने जाट आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा है कि जाट सामाजिक एवं आर्थिक तौर पर पिछड़े हुए है। कई वर्ग अभी भी उन्हें समानता की नजर के नही देखते इसलिए वे आरक्षण के हकदार हैं। उधर सरकार के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि वे जाटों को केंद्र में आरक्षण को तो समर्थन करते हैं लेकिन रेल यातायात अवरूद्ध करने के पक्ष में नहीं है। सरकार टकराव नहीं चाहती इसलिए बातचीत से समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
    हरियाणा में हर वर्ष पांच करोड़ पौधे लगाने का निर्णय किया गया है। हरियाणा के वित्त सिंचाई मंत्री और पर्यावरण मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने यह जानकारी यमुनानगर के छछरौली विकास खण्ड में आयोजित राज्य स्तरीय अग्नि सुरक्षा शिविर में दी है। इस वर्ष पांच करोड़ में से अढ़ाई लाख पौधें वन विभाग द्वारा निशुल्क दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्रांति और जनसंख्या वृद्धि के कारण वन क्षेत्र में कमी आ रही है और इसको बढ़ाना अति आवश्यक हो गया है।

    भारतीय जनता पार्टी हरियाणा सरकार की भूमि अधिग्रहण नीति का 27 मार्च को रोहतक में होने वाली महापंचायत में बढ़ चढ़कर विरोध करेगी। यह जानकारी पार्टी के किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने रोहतक में दी और सरकार को किसान विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार भूमि अधिग्रहण के नाम पर किसानों को भूमिहीन बनाने में लगी है उन्होंने मांग की कि किसानों की मर्जी के बिना उनकी भूमि का अधिग्रहण न हो और यदि हो तो बाजार भाव पर मुआवजा दिया जाए।

    इण्डियन नैशनल लोकदल ने जींद निवासी प्रदीप गिल को युवा इनेलो का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। इनैलो के प्रधान सचिव डा अजय सिंह चौटाला के अनुसार यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश चौटाला और प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक अरोड़ा तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ विचार विमर्श के बाद की गई है। प्रदीप गिल इससे पहले युवा इनैलों के प्रदेश सचिव और जींद युवा इकाई के अध्यक्ष के रूप में काम कर चुके है। युवा इकाई के अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति भी शीघ्र ही होने की संभावना है।

    हरियाणा सरकार ने महिलाओं को बेहतर पोषाहार देने के लिए सबला योजना शुरू की है। इसके अंतर्गत पढ़ाई छोड चुकी 11 से 14 वर्ष आयु की किशोरियां तथा 14 से 18 वर्ष आयु की छात्राओं को वर्ष में तीन सौ दिन, 18 से 20 ग्राम प्रोटिन और 600 किलो कैलोरी युक्त पोषाहार मिलेगा। शिक्षा तथा समाज कल्याण मंत्री गीता भुक्कल ने यह जानकारी झज्जर में दी है।

No comments:

Post a Comment