Sunday, March 27, 2011

देश की शिक्षण संस्थाएं ही युवाओं के विभिन्न क्षेत्रों में हुनर विकसित कर विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है

सिरसा, 26 मार्च। देश की शिक्षण संस्थाएं ही युवाओं के विभिन्न क्षेत्रों में हुनर विकसित कर विकसित राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकती है। ये विचार केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री श्री अजय माकन ने आज स्थानीय सीएमके कॉलेज के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोलते हुए व्यक्त किए। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर ने की।
    उन्होंने कहा कि 2022 तक देश में 50 करोड़ स्किल्ड युवा तैयार करने की जरुरत है। वर्तमान में स्किल्ड युवाओं की काफी कमी है जो विकसित देशों के मुकाबले बहुत पीछे है। उन्होंने कहा कि इस समय देश में 2 प्रतिशत युवा स्किल्ड है जबकि कोरिया में 80 प्रतिशत, जापान में 90 प्रतिशत और इंग्लैंड में 67 प्रतिशत है। आज देश के सामने यह चुनौती है। इस चुनौती का मुकाबला करने के लिए शिक्षण संस्थाओं को और दायित्व से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत युवाओं का देश है। भारत में 69 प्रतिशत लोग 35 वर्ष से कम आयु के है। युवाओं को और अधिक सशक्त करके राष्ट्र निर्माण का दायित्व दिया जा सकता है। इसी कारण से दुनिया के विकसित देशों की नजरें भारत पर टिकी है। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ के पांचों स्थाई सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष एक वर्ष के अंदर भारत का दौरा कर चुके है जिनमें अमेरिका, युके, रुस, चीन और फ्रांस के राष्ट्राध्यक्ष शामिल है।
    उन्होंने शिक्षण संस्थाओं का आह्वान किया कि छात्रों की स्किल्ड विकसित करने के साथ गुणवत्ता की शिक्षा उपलब्ध करवाने में कोई कोर कसर न छोड़े। उन्होंने सीएमके कॉलेज की शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की और कहा कि कॉलेज में देश के जानी मानी शिक्षण संस्थाओं से भी बेहतर सुविधाएं है। इसके साथ दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने वाली छात्रों को शुभकामनाएं दी और उज्जवल भविष्य की कामना की। दीक्षांत समारोह में कुल 636 छात्राओं को स्नातक और स्नातकोतर की डिग्री प्रदान की गई जिनमें सबसे अधिक कला संकाय में स्नातक की 417, वाणिज्य की 104, कम्प्यूटर एप्लीकेशन में स्नातक की 60 डिग्री, विज्ञान संकाय की 16, बीएएमसी की 15 और स्नातकोतर की 24 डिग्रियां प्रदान की गई। इससे पूर्व कॉलेज की प्राचार्य विजया तोमर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। समारोह में सिरसा के सांसद डा. अशोक तंवर की धर्मपत्नी श्री अवंतिका तंवर, सिरसा एजुकेशन समिति के चीफ पैटर्न डा. आर.एस सांगवान, प्रधान प्रवीण बागला, कुलवंत राम जिंदल, अरविंद बंसल, डा. करण सिंह, डा. केवी सिंह तथा सिरसा जिला के कांग्रेस प्रधान मलकीत सिंह खोसा व अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में कॉलेज की छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।

No comments:

Post a Comment