Tuesday, March 1, 2011

महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन

सिरसा 01 मार्च। शिक्षित नारी-सशक्त नारी के आदर्श वाक्य को लेकर पखवाड़े भर का अभियान शुरू कर चुकी वायुसेना पत्नी कल्याण संगठन (आफ्वा) की सिरसा इकाई के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन मीरपुर गांव में किया गया। अध्यक्षता आफ्वा की सिरसा इकाई की अध्यक्ष श्रीमती आशिमा सभ्रवाल ने की। इस मौके पर वायुसेना पत्नी कल्याण संगठन की ओर से कन्या भ्रूण हत्या, सामाजिक बुराई, दहेज प्रथा और अशिक्षा जैसे मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से उठाया गया। साथ ही एक लघु नाटिका के माध्यम से इन पर करारी चोट की गई। आफ्वा की अध्यक्षा श्रीमती आशिमा सभ्रवाल ने सर्वप्रथम कार्यक्रम के आयोजन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च के उपलक्ष्य में आफ्वा सिरसा इकाई ने पखवाड़े भर का कार्यक्रम शुरू किया है। जिसके तहत ग्रामीण तबकों में जाकर महिलाओं से जुड़े संवेदनशील मुद्दों को उठाया जा रहा है। मुख्य रूप से उनका उद्देश्य महिलाओं का सर्वांगीण विकास और सशक्तिकरण है। गांव के सरपंच रामजीलाल के नेतृत्व में पंच आशारानी, पंच सीताराम इत्यादि ने श्रीमती सभ्रवाल का स्वागत किया। विशेष रूप से मीरपुर गांव की निरक्षर से साक्षर बनी महिलाओं की ओर से आफ्वा अध्यक्षा श्रीमती आशिमा सभ्रवाल का आभार जताते हुए अभिनन्दन किया गया। अभिनन्दन स्वरूप सभी नवसाक्षर महिलाओं ने विद्या की देवी मां सरस्वती का चित्र भेंट किया। इस मौके पर श्रीमती हेमा लूदरा व श्रीमती भागवनी अटवाल के निर्देशन में तैयार लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। इस लघु नाटिका में दादी की भूमिका प्रभा पांडे, बहू का पात्र सुपर्णा मंडल ने अदा किया, जबकि सविता सच्चान ने बेटे, नीता गुप्ता ने पौते, रीचा श्रीवास्तव, शांति वर्मा, मधु डोगरा, संगीता शर्मा, सुप्रभा पंडा व साधना पाइन ने विभिन्न भूमिकाएं अदा कीं। प्रभावशाली अदाकारी के जरिए सभी वायुसैनिकों की पत्नियों ने कन्या भ्रूण हत्या, महिलाओं के विरुद्ध अपराध और लिंग भेद पर प्रहार किया। कार्यक्रम के अंत में आफ्वा अध्यक्षा श्रीमती आशिमा सभ्रवाल ने ग्रामीण महिलाओं को महिला सशक्तिकरण के लिए लिंगभेद न करने, कन्या भ्रूण हत्या रोकने और शिक्षित होकर समाज में भागीदरी करने की शपथ दिलाई। हाथ उठाकर सभी महिलाओं ने शपथ ली और कहा कि वे अपने गांव और आसपास के गांवों में भी महिला सशक्तिकरण के आफ्वा के अभियान को सशक्त बनाएंगे। इस मौके पर आफ्वा की सचिव श्रीमती कोपल सामियाल, सांवली डे, हेमा लूदरा, भागमणि, सरिता सजीव, सलीमा पाशा, संगीता नाथ, अर्चना छब्बा, सार्जट लाल, सुखविन्द्र सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment