Tuesday, March 1, 2011

विकास के लिए लगभग 745 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी क्षेत्र की योजनाओं की घोषणा

सिरसा, 01 मार्च। हरियाणा के स्थानीय निकाय मंत्री श्री गोपाल कांडा ने आज महाशिवरात्रि के पर्व पर सिरसा शहर व आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए लगभग 745 करोड़ रुपए की लागत से पूरी होने वाली सरकारी व निजी क्षेत्र की योजनाओं की घोषणाएं करते हुए शहर को तोहफा दिया। इन योजनाओं में 495 करोड़ की सरकारी व लगभग 250 करोड़ की निजी क्षेत्र की परियोजनाएं शामिल है। श्री कांडा ने यह घोषणा स्थानीय एमडीएलआर कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में की।
    उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से सिरसा प्रदेश का मॉडल सिटी होगा। उन्होंने कहा कि सिरसा शहर में 12 एकड़ भूमि पर करोड़ों रुपए की राशि खर्च करके सिरसा शहर के रानियां रोड़ पर वाटर एम्यूजमेंट पार्क बनाया जाएगा। इस पार्क में सभी प्रकार की वाटर एम्यूजमेंट के उपकरण स्थापित किए जाएंगे और यह पार्क विश्व स्तर की सुविधा वाला एक  अनुठा पार्क होगा। इस पार्क में 11 वर्ष से कम आयु के बच्चों का प्रवेश पुर्णत निशुल्क होगा। उन्होंने कहा कि रानियां रोड़ पर ही 20 एकड़ भूमि पर महाविद्यालय और विद्यालयों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ-साथ रानियां रोड़ पर ही चार एकड़ भूमि पर मल्टी सुपर स्पैशलिटी हस्पताल का निर्माण होगा। इन सभी परियोजनाओं के लिए जमीन इत्यादि का कार्य पूरा कर लिया गया है और मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र ही इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय अग्रवाल और अरोड़वंश धर्मशालाओं को अलॉट की गई जमीन की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि दोनों समुदायों की धर्मशाला के लिए स्थानीय हिसार रोड़ पर शहर के बीच में 2600-2600 वर्ग गज भूमि सरकार द्वारा अलाट कर दी गई है। उन्होंने इससे भी आगे बढ़ते हुए घोषणा की कि पूरी जमीन की जितनी भी कीमत आएगी वे स्वयं निजी तौर पर कीमत अदा करके और रजिस्ट्री करवाकर दोनों समुदायों का यह जमीन सौपेंगे जहां शहर में पांच सितारा धर्मशालाओं का निर्माण होगा।
    उन्होंने बताया कि सरकारी क्षेत्र की परियोजनाओं के तहत प्राथमिकता के तौर पर शहर में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इन व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए लगभग्र 300 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। शहर के लोगों को स्वच्छ पेयजल मुहैया करवाने के लिए 160 करोड़ रुपए की लागत से पंजुआना गांव में जलघर के निर्माण कार्य की प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। इसके साथ-साथ सैकड़ों करोड़ रुपए की राशि शहर के सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्थ करने पर खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा क जब से उन्होंने स्थानीय निकाय विभाग का पद संभाला है तब से वे निरंतर विभाग की योजनाएं सिरसा में लाने के लिए अधिकारियों से बैठक कर रहे है। उन्होंने कहा कि शहर में सफाई, सड़क व्यवस्था को दुरुस्थ करने के लिए भी कई परियोजनाओं पर कार्य शुरु होना है। उन्होंने कहा कि रामनगरिया से हनुमानगढ़ रोड़ (राजस्थान बॉर्डर) तक सड़क को चौड़ा करने और मरम्मत करने के कार्य पर 23 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है। स्थानीय रानियां चुंगी से रामनगरिया तक फोरलेन सड़क बनाने के लिए भी सात करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हो चुकी है। अब यह सड़क एकदम चकाचक होगी और यातायात में कही भी रुकावट का नाम तक नहीं आएगा। उन्होंने बताया कि शहर में सीवर पानी की निकासी के लिए नटार को केलनियां में 50 करोड़ रुपए की सीवर ट्रीटमेंट परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। केलनियां के सीवर ट्रीटमेंट प्लांट पर 35 करोड़ रुपए और नटार के ट्रीटमेंट प्लांट पर 15 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है। केलनियां ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिरसा हलके में अनेक विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार द्वारा हाल ही में 15 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा शहर में 10 करोड़ रुपए की लागत से पुरानी नगरपरिषद के स्थान पर ट्रेड टावर का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के पार्कों के सौंदर्यकरण पर एक करोड़ रुपए की राशि खर्च की जा रही है जिसके कार्य के टेंडर भी हो चुके है। स्थानीय अनाज मंडी में आढ़तियों को कच्चे फड़ दिए जा रहे है। इसके अलावा शहर में लगभग पांच करोड़ रुपए की लागत से पॉलीक्लीनिक का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने केंद्रित बजट से संबंधित पूछे गए प्रश्र के जवाब में कहा कि यह बजट देश के विकास के लिए अच्छा बजट सिद्ध होगा और इस बजट में राज्य सरकार को कई परियोजनाएं मिली है। उन्होंने आगामी बजट के बारे में कहा कि बजट में गुणात्मक बढ़ौतरी होगी। उन्होंने कहा कि बजट में सिरसा को कई परियोजनाएं मिलेगी जिससे जिले का विकास होगा और आम आदमी का विकास में हिस्सा होगा। उन्होंने समस्त जिलावासियों को महाशिवरात्रि पर्व की बधाई दी। इससे पूर्व उन्होंने श्री तारा बाबा कुटिया में नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर गोबिंद कांडा, पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल, श्रीमती कृष्णा पुनिया, कृष्ण सैनी, सूरत सैनी, प्रेम शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment