Saturday, March 19, 2011

प्रादेशिक समाचार-19.03.2011

मुख्य समाचार
*  हरियाणा में वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान मनरेगा योजना के तहत 142 करोड़ 89 लाख से भी अधिक राशि खर्च की गई है।
*  भारतीय चुनाव आयोग ने चुनावों के दौरान धन के दुरूपयोग पर अकुंश लगाने के लिए आदेश जारी किए है।
*  हरियाणा के मुख्यमंत्री ने जाट आरक्षण मामला जल्द सुलझा लिए जाने की आशा व्यक्त की है।
*  हरियाणा सरकार सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत गलत सूचना देने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कारवाई करेगा।

    वर्तमान वित्त वर्ष के दौरान हरियाणा में अब तक महात्मा गॉधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना के तहत 142 करोड़ 89 लाख 87 हजार रू की राशि खर्च की गई है जबकि अकेले सिरसा जिले में 20 करोड़ रू की राशि खर्च की जा चुकी हैं इस प्रकार मनरेगा योजना चलाने में सिरसा जिला पहले स्थान पर है। पूरे प्रदेश में मनरेगा के तहत एक लाख 89 हजार से भी अधिक परिवारों को कार्य उपलब्ध करवा कर 60 लाख 20 हजार से अधिक कार्य दिवस सृजित किए जा चुके है। सिरसा के बाद इस योजना के तहत अधिक राशि खर्च करने वाला हिसार जिला है जिसमें 18 करोड़ 61 लाख रू ग्रामीण विकास कार्यो पर खर्च किए गए है।

    भारतीय चुनाव आयोग चुनावों के दौरान धन के दुरूपयोग पर अकुंश लगाने के लिए आय कर विभाग के जांच निदेशालय की सेवाएं लेगा तथा राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों से इस दौरान धन शराब व अन्य वस्तुओं के वितरण पर नजर रखने के लिए उड़न दस्ते स्थापित करने को कहा गया है। आयोग के अनुसार चुनावों के दौरान मतदाताओं को धन व अन्य वस्तुओं का प्रलोभन देना कानूनन दंडनीय होगा तथा इसके विषय में सभी राज्यों के राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय राजनैतिक पार्टियों को सूचित कर दिया गया है। राज्य की मुख्य चुनाव अधिकारी सुमिता मिश्रा ने कहा है कि जांच आयोग से हवाई अड्डों मुख्य रेलवे स्टेशन होटलों व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी धन संबंधी लेन देन पर पूरी नजर रखने के लिए कहा गया है।

    मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आशा व्यक्त की है कि जाट आरक्षण का मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। रोहतक में पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने दोहराया कि उन्होंने प्रदेश के जाट संप्रदाय को अन्य पिछड़े वर्गो में शामिल करने के लिए प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह से पहले ही अनुरोध किया है। श्री हुड्डा ने प्रदर्शनकारियों से राष्ट्रीय संपत्ति को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुॅचाने की अपील भी की।

    मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने जापान में भूकंप व सुनामी से हुई भयंकर तबाही को देखते हुए इस बार होली का पर्व ना मनाने का निर्णय लिया है। रोहतक में पत्रकारों से बातचीत के दौारन उन्होंने जापान में हुई भंयकर तबाही को बहुत दुखदाई बताया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की जान माल की क्षति हुई है।

    हरियाणा की मुख्य सचिव उर्वशी ने सभी विभागों को सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत गलत सूचना देने वाले अधिकारियों के विरूद्ध सरकारी कर्मचारी कानूनों के तहत कारवाई करने के निर्देश दिए है। उन्होंने बताया कि सभी विभागों को इस विषय में सूचना जारी कर दी गई है। कानून के अनुसार गलत सूचना देना न केवल सूचना के अधिकार अधिनियम का उल्लघंन है बल्कि कर्तव्यों की अवहेलना व गंभीर लापरवाही का भी सूचक है।

    प्रदेश की शिक्षामंत्री गीता भुक्कल ने कहा है कि देश एवं प्रदेश की तरक्की के लिए लड़कियों का शिक्षित होना बहुत जरूरी है। कुरूक्षेत्र के दयानंद महिला कॉलेज में दीक्षांत समारोह में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लड़कियों को अच्छी व उच्च शिक्षा देने के प्रति वचनबद्ध है। प्रदेश में 20 नए कॉलेज खोले गए है। सोनीपत में राजीव गांधी एजुकेशन सिटी की स्थापना की जा रही है। जिसमें छात्रों को विश्स्तरीय शिक्षा मिलेगी। इसके अलावा गुरूकुलों में शिक्षा के विस्तार के साथ साथ सोनीपत के खानपुर में महिला विश्वविद्यालय की स्थापना से प्रदेश में गुणवतापूर्ण शिक्षा का विस्तार होगा। उन्होंने लड़कियों का आहवान किया कि वे कन्या भू्रणहत्या सामाजिक बुराई  रोकने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। सरकार व समाज के साथ साथ इस बुराई को रोकने में महिलाओं की भागीदारी भी बहुत जरूरी है।

    शिक्षामंत्री गीता भुक्कल ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश को शिक्षा के हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रयत्नशील है। उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में राज्य में केंद्रीय विश्वविद्यालय, रक्षा विश्वविद्यालय तथा महिला विश्वविद्यालय सहित अनेक महाविद्यालय व शैक्षणिक संस्थान स्थापित किए गए हैं। पंचकूला में हरियाणा प्राथमिक शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा सर्वशिक्षा अभियान के तहत एक दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम में अध्यापकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने से शिक्षा विभाग की जिम्मेवारी और बढ़ गई हैं। इस अधिनियम के लागू होने के पश्चात 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को निशुल्क व अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है।

    हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में किसानों को ठहरने की और बेहतर सुविधा दी जाएगी। यहॉ दो करोड़ रू की लागत से किसान होस्टल निर्मित किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा परसों 21 मार्च को विश्वविद्यालय के किसान मेले के साथ इस होस्टल का भी उद्घाटन करेंगे। कुलपति डॉ के एस खोखर ने बताया कि किसानों के लिए परिसर में ये दूसरा होस्टल होगा। दो मंजिला इस होस्टल में ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कमरों के अलावा रीडिंग रूम कंप्यूटर रूम तथा किसानों को प्रशिक्षण देने के लिए सेमीनार हॉल भी बनाए गए है।
 

No comments:

Post a Comment