Friday, April 22, 2011

2 एकड़ फसल जल कर राख

बिज्जूवाली, 22 अप्रैल । गांव राजपुरा के सरपंच के खेत में आज गंेहू की फसल में अचानक आग लग गई। राजपुरा के सरपंच के प्रतिनिधि सहजिन्द्र सिंह ने बताया कि उनके खेत में बिजली की तारों में रगड़ के कारण अचानक आग लग गई जिससे उनकी 2 एकड़ गेंहू जलकर राख हो गई। उन्होंने बताया कि आग लगने के तुरंत बाद उन्होंने कालांवाली व सिरसा के फायरब्रिगेड कार्यलय में फोन करके सूचना दी लेकिन फायरब्रिगेड गाड़ी डेढ़ घंटे बाद पहंुची तब तक आस-पास के खेतों में काम कर रहे ओमप्रकाश, रामजीलाल, बजरंग, अंग्रेज सिंह सहित अनेक किसानों खेत में पहुंच कर आग पर काबू पा लिया अन्यथा कोई बड़ी घटना घटित हो सकती थी। पीड़ित किसान ने अगजनी का कारण खेतों में लगी बिजली की तारों का ढीला होना बताया है और बिजली की तारों के ढीले होने से ही यह घटना हुई है। सरपंच ने बताया कि इस आगजनी में उनका करीब 70000 रूपए का नुकसान हो गया है। साथ ही उनका कहना है कि उनके आसपास के इलाके में आग पर काबू पाने के फायरब्रिगेड की गाड़ी नहीं है, उनको डबवाली या कालांवाली से फायरब्रिगेड की गाड़ी मंगवानी पड़ती है जो कि उनके 30-40 किलोमीटर दूर है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जिला प्रशासन से मिल कर गोरीवाला या ओढां में फायरब्रिगेड गाड़ी का सामाधान करवाया जाएगा।

खराब ट्रांसफार्मर के कारण लोगों के उपकरण जले
बिज्जूवाली, 22 अप्रैल । गांव गोदीकां में निर्माणाधीन कालोनी के पास बिजली विभाग के अधिकारियों द्वारा एक ट्रांसफार्मर लगाया गया था जो पिछले तीन-चार दिनों से खराब चल है और उसके खराब होने के कारण लोगों के घरों में लगे टैलीविजन, मधानी, पंखे सहित बिजली पर चलने वाले अनेक उपकरण जल गए। ग्रामिणों ने बताया कि उन्होंने ट्रांसफार्मर के खराब होने की सूचना विभाग के अधिकारियों को दी थी और अधिकारी गांव में ट्रांसफार्मर को देखने आए तथा अपना पुराना बहाना बनाकर चले गए कि जल्द ही ट्रांसफार्मर को ठीक करवा दिया जाएगा लेकिन आज तक तो इस ट्रांसफार्मर को कोई भी सही करने नहीं पहंुचा, जब पल-पल संवादाता ने उच्चाधिकारियों के साथ फोन पर बात की तो अधिकारियों ने मौके पर कर्मचारियों को भेज कर उस खराब हुए ट्रांसफार्मर का कनैक्शन दूसरे ट्रांसफार्मर के साथ करवा दिया और उस ट्रांसफार्मर को खराब हालत में ही छोड़ दिया।
क्या कहते है अधिकारीः
जेई मोहनलाल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस ट्रांसफार्मर की गारंटी तो ठेकेदार ही देता है और वही इसको सही करवाएगा, फिर भी आप एसडीओ से बात कर लो।
वहीं जब एसडीओ गुलशन वधवा से फोन पर बात की गई तो उन्होंने कहा कि मेरे पास तो ऐसी कोई शिकायत नहीं आई है अगर शिकायत आएगी तो उसका हल किया जाएगा।

पुलिस समाचार

सिरसा। जिला की सदर ड़बवाली पुलिस ने ओवर लोड के मामले में एक ट्रक चालक के खिलाप कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना सदर डबवाली में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने ओवरलोडिड रेता से भरे उक्त ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार किए व्यक्ति की पहचान बीरबल पुत्र बूटा राम निवासी रानियां के  रूप मे हुई है। जानकारी के अनुसार सदर डबवाली थाना की गोरीवाला पुलिस चौकी में तैनात सहायक उपनिरीक्षक गोपाल चन्द अन्य पुलिस कर्मियों के साथ गश्त व चैंकिग के दौरान क्षेत्र के गांव रिसालियांखेड़ा में मौजूद थे। इसी दौरान डबवाली की ओर से एक रेता से भरा ओवरलोडिड ट्रक आया जिसमें क्षमता से अधिक वजन भरा हुआ था।
              जिला की कालावाली पुलिस ने गश्त व चैकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध पिस्तोल व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान भीमा सिंह पुत्र प्रह्लाद सिंह के निवासी वार्ड न. 8 कालावाली के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जा से 12 बोर का नाजायज पिस्तोल व एक जिन्दा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के विरूद्ध थाना कांलावाली में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अवैध पिस्तोल व कारतूस के साथ मण्डी कालावाली में स्थित तिलोकेवाला चौक क्षेत्र से काबू किया है।

                      जिला की शहर सिरसा पुलिस ने सट्टा खाईवाली करने के आरोप में एक व्यक्ति को 720 रूपए की सट्टा राशि के साथ रानियां गेट क्षेत्र से काबू किया गया है। आरोपी के  खिलाफ थाना शहर सिरसा में अभियोग दर्ज किया गया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पन्ना लाल पुत्र रूली राम निवासी थेड़ मौहल्ला के रूप में हुई है। शहर सिरसा पुलिस ने एक अन्य मामले में हरबन्स पुत्र रामलाल निवासी थेड़ मौहल्ला को 8 बोतल देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं रानियां पुलिस की जीवनगर पुलिस चौकी ने क्षेत्र के गांव मतुवाला से 15 बोतल देसी शराब के  साथ दो भाईयों को  काबू किया है। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान मनोहर लाल व सोम प्रकाश पुत्रान जानू राम निवासी मतूवाला के रूप में हुई है।
                     
           प्रवर पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी-कम-चैयरमैन भर्ती चयन केन्द्र की तरफ से बताया गया है कि पुरूष सिपाही पदों के  लिए भर्ती चयन केन्द्र पलवल में शारीरिक दक्षता परीक्षा ली गई थी। परंतु जिन अभ्यार्थियों ने पुलिस महानिरीक्षक दक्षिण रेंज रेवाड़ी को अपील की थी,जिसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा में उर्तीण हुए अभ्यार्थियों का साक्षात्कार होना है अत: शारीरिक दक्षता परीक्षा में उर्तीण हुए अभ्यार्थी 26 अपे्रल 2011 सुबह 9 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय रेवाड़ी में अपने मूल दस्तावेजों सहित साक्षात्कार के लिए रिपोट करें।

हरियाणा सरकार कर्मचारियों के साथ निरंतर भद्दा मजाक कर रही है

सिरसा। हरियाणा सरकार कर्मचारियों के साथ निरंतर भद्दा मजाक कर रही है और कर्मचारियों का मार्च माह का वेतन अभी तक नहीं दिया गया है। इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य जसबीर सिंह जस्सा ने आज सरकार की ओर से की जाने वाली थोथी घोषणाओं पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यह बात कही। श्री जस्सा ने कहा कि सरकार में आज एक ब्यान जारी करके कहा है कि अप्रैल माह का वेतन व पेंशन इत्यादि 29 अप्रैल को वितरित किए जाएंगे जबकि सरकार ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि कर्मचारियों को मार्च माह का वेतन कब दिया जाएगा। एक माह पहले का वेतन जारी न करने और इस बार अकेले अप्रैल माह का वेतन देने की घोषणा करके सरकार ने कर्मचारियों को असंमजस में डाल दिया है। जस्सा ने कहा कि कर्मचारियों को यह समझ नहीं आ रहा है कि उन्हें मार्च माह का वेतन मिलेगा या नहीं। उन्होंने कहा कि यह सरकारी तंत्र की पूरी तरह नाकामी है और वित्तविभाग के अधिकारी यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे है कि कर्मचारियों को कितना वेतन और कब तक वेतन दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि 29 अप्रैल से पहले मार्च माह का वेतन और पेंशन इत्यादि भी जारी करने चाहिए।

क्राईम एण्ड क्रिमीनल ट्रेकिंग नेटवर्क व सिस्टम लैब का किया उद्घाटन

अपराध एवं अपराधियों पर कसेगा शिकंजा: ढुल
नेटवर्क से अपराधियों पर डलेगी नकेल
सिरसा।
पुलिस अपराध और अपराधियों पर पूरी से तरह शिंकजा कसने जा रही है। इस कार्य को पूर्ण रूप से अंजाम देने के लिए क्राईम एण्ड क्रिमीनल ट्रेकिंग नेटवर्क व सिस्टम अब रेंज के सभी थानों में लगाया जाएगा। यह बात हिसार रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अन्नत कुमार ढुल ने आज सिरसा पुलिस लाईन में स्थित क्राईम एण्ड क्रिमीनल ट्रेकिंग नेटवर्क व सिस्टम लैब का उद्घाटन करने के पश्चात कही। उन्होंने बताया कि जिला की पुलिस लाईन में स्थित इस लैब सेें जिला के पुलिस कर्मियों को समय-समय पर ट्रेनिग देकर पूरी प्रशिक्षित किया जाएगा। इस क्राईम एण्ड क्रिमीनल ट्रेकिंग नेटवर्क व सिस्टम लैब को जिला के सभी थानों से जोड़कर अपराध व अपराधियों से संबंधित समूचा रिकार्ड रखा जाएगा और उसके बाद लैब के सिस्टम को पुलिस मुखालय पंचकूला से सीधा ओनलाईन जुडेगा। श्री ढुल ने कहा कि पुलिस द्वारा विभिन्न अपराधिक गतिविधियों में पकड़े जाने वाले अपराधियों के नाम, पता, तथा फोटों के साथ उनके हस्ताक्षर भी लिए जांएगे। जिसे क्राईम एण्ड क्रिमीनल ट्रेकिंग नेटवर्क व सिस्टम के तहत जरूरत पडऩे पर रिकार्ड दूसरे जिलों व राज्यों को भी भेजा जा सकेगा और मंगावाया भी जा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क की विशेषता यह है कि राज्य के सभी थाने एक दूसरे से तो सीधे जुड़ेगें ही तथा देश के अन्य थानों से जुड़े होने पर जरूरत अनुसार अपराधिक घटनाओं व अपराधियों से सम्बन्धित महत्तवपूर्ण जानकारी कुछ पलों मे ही आदान-प्रदान कर सकेगें। ये सिस्टम मूल रूप से भारत सरकार के ग्रह मन्त्रालय की स्कीम है तथा इसे पूरे देश मे ंलागू करने की योजना है। इस सिस्टम का उदैश्य देश के सभी थानों को आपस में जोड़कर अपराधिक घटनाओं पर अकुंश लगाना है। उसके बाद पुलिस महानिरीक्षक श्री अन्नत कुमार ढ़ूल ने पुलिस लाईन में स्थित मालखाना में रखे गए अदालत से फैसला सूदा 250 अभियोगों में बरामद किए गए चूरापोस्त, अफीम व समैक के रिकार्ड की भी जांच की, जिसे बाद में निश्चित तिथि तय कर नष्ट किया जाएग। इस अवसर पर उनके साथ सिरसा वायुसेना केन्द्र के ग्रुप कैप्टन अनिल कुमार सभ्रवाल, सिरसा के अतिरिक्त उपायुक्त श्री डीके बहरा, फतेहाबाद के पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शर्मा व सिरसा के पुलिस अधीक्षक श्री सतेन्द्र कुमार गुप्ता, उपपुलिस अधीक्षक मुख्यालय पूर्णचन्द पंवार तथा डबवाली के उपपुलिस अधीक्षक बाबू लाल, ऐलनाबाद के उपपुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार के अलावा जिला के अनेक पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Thursday, April 21, 2011

पांच दिन से ठप्प है पेयजल सप्लाई गांववासी परेशान

ओढ़ां
    गांव बनवाला के जलघर में पानी न होने के कारण गत पांच दिनों से गांव में पेयजल की सप्लाई नहीं हो सकी है जिसके कारण गांववासियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है और उनमें रोष पनप रहा है।
    गांववासी पिरथीराम, देवीलाल, सीताराम, राय सिंह, ओमप्रकाश, भूप सिंह, रोशनी देवी, सरला देवी आदि ने बताया कि गांव में स्थित जलघर में दो वाटर टैंक हैं जिनमें पानी अब नाममात्र ही बचा है जिस कारण पेयजल सप्लाई ठप्प होकर रह गई है। उन्होंने बताया कि गेहूं कटाई का सीजन जोरों पर है और लोग सुबह जल्दी ही खेतों में चले जाते हैं और शाम को देर से लौटते हैं तो घरों में पीने का पानी नहीं होता जिस कारण उन्हें टैंकरों द्वारा पानी खरीदने पर मजबूर होना पड़ता है तथा पशुपालकों को भी पशुओं के लिए पानी मोल लेना पड़ रहा है क्योंकि गांव का बड़ा जोहड़ खाली पड़ा है। उन्होंने बताया कि जो लोग गांव के आसपास स्थित ढानियों में रहते हैं उन्हें मजबूरीवश नलकूपों का खारा पानी पीना पड़ रहा है जो कि पीने योग्य नहीं है। गांववासियों की मांग है कि जनस्वास्थ्य विभाग जलघर में बचे हुए पानी को टैंकरों में न भरने दें ताकि लोग उस पानी से तब तक अपना काम चला सकें जब तक नहर में पानी नहीं आता। क्योंकि गरीब व मध्यम वर्ग के लोग पानी मोल लेने में असमर्थ हैं।
    इस विषय में जलापूर्ति एवं अभियांत्रिकी विभाग के कनिष्ठ अभियंता सतपाल सिंह से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि नहर बंद होने के कारण जलघर में पानी समाप्त हो गया है इस लिए पेयजल सप्लाई नहीं की जा सकती लेकिन ऐसे में टैंकर वालों को भी नहीं रोका जा सकता क्योंकि वे पानी गांववासियों के लिए ही ले जाते हैं।
    इस संबंध में नहरी विभाग सिरसा के कार्यकारी अभियंता आत्माराम से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि 25 अप्रैल तक मम्मड़ ब्रांच में पानी आएगा जो कि सात दिन तक चलेगा। इस दौरान सभी जलघरों के वाटर टैंकों व जोहड़ों को पानी से भर दिया जाएगा।

छायाचित्र:  बनवाला के जलघर में स्थित एक वाटर टैंक का दृश्य जिसमें बहुत कम पानी बचा है।


शराब बेचते दो काबू चालान काटा
ओढ़ां
    ओढ़ां पुलिस ने नौ बोतल ठेका शराब देसी सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करके उनका आबकारी अधिनियम के तहत चालान पेश कर दिया है। यह जानकारी देते हुए सुभाषचंद्र एएसआई ने बताया कि गत रात्रि नई अनाज मंडी के निकट ओढ़ां निवासी कुलवंत सिंह पुत्र भोला सिंह व दुर्गादास पुत्र बीरबल राम को शराब बेचते हुए गिरफ्तार करके चालान पेश कर दिया।


श्री मुक्तसर साहिब ताइक्वांडो कप 2011 में बेहतर प्रदर्शन कर पदक जीते
ओढ़ां
    श्री मुक्तसर साहिब ताइक्वांडो एसोसिएशन की तरफ से आयोजित ओपन ताइक्वांडो कप 2011 में माता हरकी देवी सी.सै. स्कूल ओढ़ां के 10 ताइक्वांडो खिलाडिय़ों ने भाग लिया। इस कप में बंग्लादेश व नेपाल सहित भारत के 18 राज्यों के ताइक्वांडो खिलाडिय़ों के बीच मुकाबला हुआ। 18 से 21 किलो भार वर्ग में ओढ़ां के कक्षा पांचवीं के जतिन, 22 से 25 किलो भार वर्ग में कक्षा सातवीं के प्रदीप एवं 30 से 32 किलो भार वर्ग में कक्षा नौवीं की सुखमनप्रीत कौर ने स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं, जबकि 26 से 28 किलो भार वर्ग में कक्षा चौथी के विक्रम ने रजत पदक तथा 70 से 75 किलो भार वर्ग में कक्षा आठवीं के तीर्थपाल ने कांस्य पदक प्राप्त कर अपने स्कूल व गांव का नाम रोशन किया है।                                                     
    इस प्रतियोगिता में विश्व ताइक्वांडो ओलंपिक एसोसिएशन के मुख्यातिथि कुकी वॉन ने विजेता खिलाडिय़ों को पदक प्रदान किए। विजेता विद्यार्थियों के ओढ़ां पहुंचने पर संस्था के प्रधान हरदयाल सिंह गदराना, कोषाध्यक्ष मंदर सिंह, बलविंद्र सिंह सरां, सुखदेव सिंह पोटलिया, कॉर्डीनेटर विजय वधवा तथा स्टॉफ सदस्यों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए कोच राजकुमार वर्मा को बधाई दी। हरदयाल सिंह गदराना ने खिलाडिय़ों के बेहतर प्रदर्शन की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में इसी तरह खेलते हुए आगे बढऩे और विश्व चैंपियनशिप में अपना स्थान कायम करने की प्रेरित किया तथा विद्यार्थियों से अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने का आग्रह करते हुए शीघ्र ही अन्य खेलों का प्रशिक्षण शुरू करने का आश्वासन दिया।

छायाचित्र:  विजेता विद्यार्थी संस्था प्रधान हरदयाल सिंह गदराना व अन्यों के साथ।

सेव मदर अर्थ विषय पर 22 अप्रैल 2011 को एक दिवसीय राष्टरीय कार्यशाला का आयोजन

हिसार
गुरू  जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार का  पर्यावरण विज्ञान एवं अभियंत्रिकी विभाग पृथ्वी दिवस के अवसर पर सेव मदर अर्थ विषय पर 22 अप्रैल 2011 को एक दिवसीय राष्टरीय कार्यशाला का आयोजन करेगा। कार्यशाला का उदघाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डा एम एल रंगा करेंगे। उदघाटन सत्र में नैश्नल फिजिकल लैबोट्री, नई दिल्ली के डा एच एन दत्ता व पर्यावरण संरक्षक डा राम निवास यादव विशेष भाषण देंगे।
पर्यावरण विज्ञान एवं अभियंत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि  दोपहर बाद के सत्र में सोसायटी फार प्रमोशन आफ सांईस एण्ड टैक्नलाजी के प्रैजिडेंट व हरियाणा राज्य के इलैक्शन कमीशनर श्री धर्मवीर, आई ए एस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे व कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति डा एम एल रंगा करेंगे। प्रो बिश्नोई ने बताया कि इस एक दिवसीय कार्यशाला में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रो वी राज मनी व दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो दिवेश के सिन्हा विशेष व्याख्यान देंगे। उन्होने बताया कि प्रश्नोत्तरी, सलोगन व पोस्टर के विजेताओं को भी विभिन्न तकनीकी सत्रों में पुरस्कृत किया जाएगा। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के शिक्षण खंड-4 के सेमिनार हाल में आयोजित किया जाएगा।    

सरपंचों का मान देय बढ़ाए जाने की मांग

सिरसा, 21 अप्रैल। इनलो के वरिष्ठ नेता एवं वार्ड नं. 29 से नगर पार्षद प्रदीप मेहता ने सरकार से पार्षदों व सरपंचों का मान देय बढ़ाए जाने की मांग की है। श्री मेहता ने कहा कि सरकार ने जिस प्रकार विधायकों व मंत्रियों का मान देय बढ़ाया है उसी तर्ज पर पार्षदों व सरपंचो ंका मान देय भी बढ़ाए। उन्होंने कहा कि सरकार वर्तमान में सरपंचो व पार्षदों को जो मानदेय दे रही है वह किसी भी प्रकार से ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर वे इस मिलने वाले मानदेय से लोगों को चाय पानी भी पिलाते है तो उनका खर्च इससे कहीं अधिक है। जबकि उनका काम अब अत्याधिक बढ़ गया है।
              उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार में पार्षदों और सरपंचों को 1500 रुपए ही मानदेय राशि के रूप में दिए जाते है जबकि अन्य राज्यों में पार्षदों एवं सरपंचों को 5000 रुपए से अधिक की मानदेय राशि दी जाती है और 750 रुपऐ मोबाईल का खर्चा दिया जाता है। इनेलो नेता ने हुड्डा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भाषणबाजी के सिवा कुछ नहीं करते। इस निक्कमी सरकार को वादें करने के सिवा और कोई काम नहीं है अगर कोई काम करना आता तो करनाल में की गई घोषणा को मुख्यमंत्री तुरंत पूरा करवाते।
इनेलो नेता ने कहा कि चण्डीगढ़ जैसी सिटी में तो पार्षदों और सरपंचों को लैपटॉप तक दिए गए है जबकि हरियाणा में कंप्यूटर तक नही दिए गए है।
                प्रदीप मेहता ने गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पचास रुपए बोनस की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसान विरोधी सरकार ने एक बार फिर किसानों के साथ मजाक किया है। किसानों से वादे तो बहुत बड़े-बड़े किए जाते है लेकिन जब वक्त आता है उन वादों को पूरा करने का तो शोषण के शिवा कुछ नहीं मिलता।

गलियां-सड़कें पक्की करवाने व अन्य कार्यो पर 8 करोड़ 15 लाख रुपए की राशि खर्च

सिरसा, 21 अप्रैल :  जिला में मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति निर्मल बस्ती योजना के तहत अनुसूचित जाति की बस्तियों में गलियां-सड़कें पक्की करवाने व अन्य कार्यो पर 8 करोड़ 15 लाख रुपए की राशि खर्च करके दो दर्जन से भी अधिक विकास कार्य करवाए गए।
    यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डा0 युद्धवीर सिंह ख्यालिया ने बताया कि उक्त योजना के तहत पंचायत एवं विकास विभाग द्वारा दौलतपुर खेड़ा गांव में 25 लाख रुपए की राशि खर्च करके गली का निर्माण करवाया गया। सहारणी गांव में 50 लाख रुपए की राशि से आईपीबी तकनीक से गली का निर्माण करवाया गया। इसी प्रकार से बुढीमेडी गांव में भी 24 लाख रुपए की राशि खर्च करके आईपीबी तकनीक के तहत ही गली बनाई गई।
    उन्होंने बताया कि रानियां खण्ड के भड़ोलांवाली गांव में 40 लाख रुपए की लागत से मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति निर्मल बस्ती योजना के तहत सीमेंट-कंकरीट की गली बनवाई गई। इसी प्रकार से भड़ोलांवाली गांव में ही उक्त योजना के तहत पंचायतघर की मरम्मत का कार्य करवाया गया। खाजाखेड़ा गांव में 48 लाख रुपए की लागत से सीमेंट-कंकरीट की सड़क बनवाई गई। मंगालिया गांव में भी 41 लाख रुपए की लागत से पंचायतघर का निर्माण करवाया गया। सूचान गांव में 41 लाख रुपए की लागत से वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान गली का निर्माण, मसीतां गांव में 47 लाख रुपए, खुइयांमलकाना व मोडी गांव में 47-47 लाख रुपए की लागत से गलियों का निर्माण करवाया गया। इसी प्रकार से डबवाली खण्ड के गांव दीवानखेड़ा में 24 लाख रुपए की लागत से आईपीबी तकनीक से गली का निर्माण करवाया गया।
    उपायुक्त ने बताया कि ऐलनाबाद खण्ड के  गांव नीमला में 50 लाख रुपए की लागत से, रानियां खण्ड के गांव नाईवाला में भी 50 लाख रुपए की लागत से आईपीबी तकनीक से गलियों का निर्माण करवाया गया। इसी प्रकार से कोटली गांव में 50 लाख रुपए की लागत से, खुइयां नेपालपुर व तिलोकेवाला में भी 50-50 लाख रुपए की लागत से सीमेंट-कंकरीट की गलियां बनाई गई। सुखेराखेड़ा व लम्बी गांव में भी 50-50 लाख रुपए की लागत से गलियां बनाई गई।

गेहूं खरीद के बाद जल्दी से जल्दी उठान भी सुनिश्चित करे
सिरसा
, 21 अप्रैल :  उपायुक्त श्री युद्धबीर सिंह ख्यालिया ने गेहूं खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए है कि वे मंडियों में गेहूं खरीद के बाद जल्दी से जल्दी उठान भी सुनिश्चित करे। डा. ख्यालिया आज जिला के गांव मलिकपुरा, जीवननगर और मल्लेकां के खरीद केंद्रों पर गेहूं खरीद प्रक्रिया का जायजा लेते हुए किसानों की समस्या सुन रहे थे। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी खरीद केंद्र व मंडी में गेहूं उठान से संबंधी किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से कहा कि वे बारदाना व करेट भी पर्याप्त मात्रा में रखे।
    उन्होंने बताया कि जिला में गेहूं खरीद के लिए 56 मंडियां और खरीद केंद्र बनाए गए है जिनमें किसानों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई है। किसानों की फसल 1120 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदी जा रही है जिस पर 50 रुपए प्रति क्विंटल सरकार द्वारा दिया जाएगा। अभी तक सिरसा जिला में 2 लाख 83 हजार 725 मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई है जिसमें सबसे अधिक 1 लाख 21 हजार 311 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हैफेड द्वारा खरीदी गई है।  खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा 63 हजार 625 मीट्रिक टन व कांफ्रेड द्वारा 44 हजार 250 मीट्रिक टन, हरियाणा वेयर हाउस द्वारा 33 हजार 420 मीट्रिक टन, हरियाणा एग्रो द्वारा 18 हजार 9 मीट्रिक टन तथा भारतीय खाद्य निगम द्वारा 3092 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई है।
    डा. ख्यालिया ने बताया कि जिला में इस सीजन में 8 लाख 29 हजार मीट्रिक टन गेहूं आवक की संभावना को देखते हुए उचित प्रबंध किए गए है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में इससे भी अधिक गेहूं की आवक की संभावना है। उन्होंने संभावना जताई है कि इस बार सिरसा जिला गेहूं की आवक व उत्पादन में प्रथम स्थान पर रहेगा। उन्होंने बताया कि किसाानों को उनकी फसल के मूल्य का भुगतान 72 घंटों के अंदर-अंदर किया जा रहा है जिससे किसानों को किसी प्रकार की समस्या नहीं है।
    उपायुक्त ने आज मंडियों और खरीद केंद्रों में दौरा करने से पूर्व लगभग एक दर्जन गांव में जाकर गिरदावरी की पड़ताल की। वे राजस्व अधिकारियों के पूरे अमले के साथ गांव के खेतों में पहुंचे जहां पर पटवारी, कानूनगों के साथ दस्तावेज सहित गिरदावरी जांच की। इन गांवों में साहूवाला-प्रथम, रोहिड़ावाली, जीवननगर, टप्पी, नकौड़ा, अमृतसर कलां, मल्लेकां, बुढ़ीमेढ़ी, बरुवाली, गुडिय़ाखेड़ा में गिरदावरी जांच की। इस मौके पर उनके साथ जिला राजस्व अधिकारी सहित पूरा विभागीय अमला था।

बोलगार्ड-2 के विभिन्न किस्मों की बिजाई करे
सिरसा
, 21 अप्रैल। केंद्रीय कपास अनुसंधान संस्थान के क्षेत्रीय केंद्र सिरसा के इंचार्ज डा. दलीप मोंगा ने किसानों को सलाह दी है कि वे बीटी कॉटन के केवल एक किस्म की बिजाई न करके बोलगार्ड-2 के विभिन्न किस्मों की बिजाई करे। इन सभी किस्मों में तंबाकू, सुंडी नही लगती और  अवरोधकता भी नहीं आती।
    उन्होंने बताया कि सिरसा सहित पंजाब और राजस्थान के क्षेत्रों में कपास की विभिन्न किस्मों की बिजाई आगामी 31 मई तक की जानी है इसलिए किसान किसी प्रकार की हड़बड़ी न करे। किसानों के पास कपास बिजाई के लिए पर्याप्त समय है। उन्होंने बताया कि बोलगार्ड-2 बीजों मेें चार किस्म के जीन डाले गए है जो गुणवत्ता के आधार पर बीमारियों और सुंडियों को रोकने के लिए सही पाए गए है। उन्होंने बताया कि स्थानीय बाजारों में बोलगार्ड-2 की 100 से भी अधिक किस्में बीजों की उपलब्ध है। किसानों को चाहिए कि वे कृषि विभाग के अधिकारियों और कृषि वैज्ञानिकों की सलाह से कपास बीज किस्मों की बिजाई करे।
    डा. दलीप मोंगा ने कहा कि बीटी कॉटन के बीज उत्तरी भारत के  सिरसा, हिसार, गंगानगर, फरीदकोट आदि क्षेत्रों में 200 किस्मों में एमआरसी 7361, एसपी-7007, एसपी-7010, एसडब्ल्यूसीएच-4711, बायो सीड-6488, पीसीएच-877, अंकुर-3028, शक्ति-9, वीबीसीएच-1008, एमआरसी-6304, वीआईसीएच-309, एमआरसी-7031, एनसीईएच-6, बायोसीड-6588, एमआरसीएच-6025, आरसीएच-569, पीसीएच-401 आदि किस्मों का उत्पादन बेहतरीन पाया गया है। उन्होंने कहा कि बीज विक्रेताओं के पास बीटी काटन के अन्य किस्मों के बीज भी उपलब्ध है।

22 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक  निंबध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा
सिरसा
, 21 अप्रैल। जिला शिक्षा अधिकारी कुमकुम ग्रोवर ने बताया कि जिला के सभी सरकारी, वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, उच्च विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, राजकीय मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, सीबीएसई स्कूलों में ग्राम सभा प्रजातंत्र का मूल मंच, ग्राम सभा और समाज की सहभागिता, ग्राम सभा तथा आर्थिक विकास तथा ग्राम सभा व समाज से संबंधित लगभग 300 शब्दों का हिंदी व अंग्रेजी भाषा में 22 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से 11 बजे तक  निंबध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा । उन्होंने बताया कि कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थी निबंध प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता को बेहतर ढंग से संपन्न करवाने के लिए एबीआरसी की सहायता ली जाएगी तथा सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को विभाग की तरफ से ईनाम भी दिया जाएगा।

गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पचास रुपए का बोनस ऊंट के मुहं जीरा

सिरसा, 21 अप्रैल। युवा इनेलो नेता महावीर बागड़ी ने हुड्डा सरकार को लताड़ लगाते हुए कहा है कि गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर पचास रुपए का बोनस ऊंट के मुहं जीरा जैसी बात है।  बागड़ी ने कहा कि कांग्रेस का जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं। ऐसी नीतियां अमल में लाई जा रही हैं, जिससे कि लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़े। उनका कहना है कि इस किसान विरोधी सरकार ने एक बार फिर किसानों के साथ भद्दा मजाक किया है। किसानों से वादे तो बहुत बड़े-बड़े किए जाते है लेकिन जब वक्त आता है उन वादों को पूरा करने का तो शोषण के शिवा कुछ नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने सिरसा सहित अन्य जिलों में जमीन की रजिस्ट्री के लिये कलेक्टर रेट बेतहाशा बढ़ाकर लोगों पर बोझ डाल दिया है। इससे आम आदमी के लिए मकान बनाना शायद ही संभव हो पाये, क्योंकि महंगाई के कारण पहले ही अन्य दैनिक उपयोग की चीजें काफी मंहगी हो चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि अभी गर्मी शुरू ही हुई है और पानी की किल्लत अभी पूरे प्रदेश में देखने को मिल रही है। नहरों का विकास तो दूर की बात नहरों में पानी ही नहीं आ रहा है। आज किसान की फसल सिंचाई के पानी के अभाव से मर रही है ऊपर से बोनस के नाम पर मजाक कर किसानों का शोषण करना कहां की विकास नीति है। ऐसे में कसानों के लिए सिंचाई के पानी का बन्दोबस्त नहीं किया गया तो भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि इनेलो जब भी सत्ता में रही है पानी और बिजली की कमी कभी भी कमी नहीं आने दी है।

डबवाली के समाचार

अग्रवाल सभा की प्रधानगी के चुनावों मे एक नया मोड़ आया
मंडी डबवाली. 
अग्रवाल सभा की प्रधानगी के चुनावों मे एक नया मोड़ आ गया।  प्रधान पद का चुनाव लड़ रहे दोनों उम्मीदवारों नवरतन बांसल व प्रकाश चंद बांसल ने अपने-अपने नाम वापिस लेने की घोषणा कर दी और चुनाव समिति को ही नया प्रधान बनाने का अधिकार दे दिया। इसके बाद चुनाव समिति के सदस्यों रणबीर सिंह राणा, सुभाष गुप्ता एडवोकेट, रामनाथ सिंघल, रमेश सिंगला व तरसेम जिंदल ने एक बैठक कर नए प्रधान के नाम पर विचार किया। चुनाव समिति के सदस्य तरसेम जिंदल ने बताया कि चुनाव समिति के सभी सदस्यों ने फिलहाल सुदर्शन मित्तल को अग्रवाल सभा का कार्यकारी प्रधान चुना है। श्री मित्तल का कार्यकाल 6 माह का रहेगा और इस दौरान सभा के सदस्य आपसी सहमति से नए प्रधान का चयन करेंगे।

खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे
मंडी डबवाली
.  मुक्तसर से आई एक टीम ने बुधवार शाम को किलियांवाली इलाके में छापेमारी कर कई खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। टीम की इस कार्यवाही से दुकानदारों में हडकंप मच गया व अनेक दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर इधर-उधर हो गए। इस टीम ने वाटर वक्र्स क्षेत्र में चल रही सागर नमकीन फैक्ट्री में छापा मारकर यहां से पकोडिय़ों के सैंपल लिए। इसके बाद टीम सदस्यों ने मालवा रोड़ पर चल रही एक सोडा फैक्ट्री में दस्तक दी। बिना लाईसैंस के चल रही इस फैक्ट्री से टीम ने कोल्ड ड्रिंक के सैंपल भरे। इसके बाद टीम ने स्वामी किरयाणा स्टोर से नमक का सैंपल लिया।  इससे पहले यह टीम कुछ और सैंपल भरती दुकानदार इक्ठ्ठे हो गए और टीम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसके बाद टीम सदस्यों ने यहां से चले जाने में ही बेहतरी समझी।
 
आत्मा का शुद्धिकरण ही धर्म है - मुनि अर्हत कुमार जी
मंडी डबवाली.

जैन धर्म तेरापंथ धर्मसंघ के आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि अर्हत कुमार जी  प्रवचन करते हुए धर्म की व्याख्या करते हुए बताया कि आत्मा का शुद्धिकरण ही धर्म है। उन्होंने  कहा कि धर्म के रास्ते अलग-अलग हो सकते है लेकिन मंजिल एक ही है। उन्होंने दौलत को दो लात वाली वस्तु बताते हुए कहा कि इसके आने पर भी इंसान को कष्ट मिलता है और जाने पर इंसान दुखी होता है। उन्होंने इस संदर्भ में सन्यासी और लक्ष्मी के आगमन के वृतांत को सुना कर बताया कि लक्ष्मी के आगमन पर किस प्रकार सन्यासी को परेशान होना पड़ा तथा उसके जाने के उपरांत उस देश के राजा के क्रोध को सहना पड़ा। मोहमाया को दुखों का कारण बताते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं को इससे दूर रहने का संदेश दिया और कहा कि तप और त्याग से जीवन को शुद्ध किया जा सकता है। इससे पूर्व मुनि भरत कुमार जी ने जैन संप्रदाय के नियमों से श्रद्धालुओं को अवगत करवाया और उन पर अमल करने का उपदेश दिया। इस मौक पर जैन समुदाय की भारी संख्या में महिला व पुरुष उपस्थित थे। वीरवार को मुनि भरत कुमार जी ने शहर में श्रद्धालुओं के निवास स्थान पर चरण डाल कर जैन धर्म का प्रचार किया और श्रद्धालुओं के मंगल के लिए मंगल पाठ किया।
 
दिग्विजय सिंह चौटाला शोक व्यक्त करने के लिए गए
मंडी डबवाली.

डबवाली के विधायक अजय सिंह चौटाला के पुत्र एवं जेसीडी राष्ट्रीय क्रिकेट लीग के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला डबवाली हलके के विभिन्न इनेलो कार्यकर्ताओं के सगे-संबंधियों के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए गांव डबवाली, मसीतां, जगमालवाली, रामपुरा बिश्रोईयां, चकफरीदपुर, देसूजोधा व मुन्नांवाली आदि गांवों में गए। इनेलो डबवाली के प्रैस प्रवक्ता लवली मैहता ने बताया कि दिग्विजय चौटाला ने शोक संतप्त परिवारों के साथ अपनी संवेदनाएं जताई। इस अवसर पर सर्वजीत मसीतां, नरेंद्र बराड़, धेलाराम सरपंच, गिरधारी बिस्सू, रणधीर सिंह व अन्य कार्यकर्ता उनके साथ थे। 
 
सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा
मंडी डबवाली

डबवाली-संगरिया मार्ग का टैंडर हो चुका है और सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू हो जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी डॉ. केवी सिंह ने  पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। डॉ. सिंह ने कहा कि टैंडर के बाद कुछ  औपचारिकताएं होती है जिसके पूरा होने के बाद सड़क निर्माण के पहले चरण का काम शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि विधायक अजय सिंह चौटाला इस मामले में भ्रामक बाते कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।  डॉ. केवी सिंह ने कहा कि डबवाली के बढ़े कलैक्टर रेटों के बारे में भी वे प्रशासनिक अधिकारियों से बात करेंगे तथा प्रयास रहेगा कि कलैक्टर रेटों की दरें न्याय संगत हो जाएं।