Showing posts with label ग्राम पंचायत. Show all posts
Showing posts with label ग्राम पंचायत. Show all posts

Friday, March 18, 2011

घूंघट त्यागकर विकास कार्यों में जुटें महिला सरपंच पंच

 ओढां
    तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी द्वारा 1989 में शुरू की पहल के स्वाभाविक परिणाम स्वरूप पारित 73 वें संवैधानिक संशोधन द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा दिया गया। और इसमें महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान किया गया तथा अनुसूचित जाति के आरक्षण में भी महिलाओं के लिए एक तिहाई स्थान आरक्षित किए गए हैं। यह शब्द हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी द्वारा आयोजित ओढ़ां खंड की महिला सरपंचों व पंचों के एक दिवसीय सम्मेलन में महिलाओं को संबोधित करते हुए संस्थान के प्रशिक्षक संदीप सहारण ने कही।
    उन्होंने बताया कि पंचायतीराज संस्थानों को स्वशासन की इकाइयां बनाने के लिए 11 वीं अनुसूचि में 29 विषय दिए गए ताकि ये संस्थाएं अधिक विकास और सामाजिक न्याय की योजनाएं बना सकें और उन्हें लागू कर सकें। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के एक दिवसीय सम्मेलन केवल महिला सरपंचों एवं पंचों के लिए सभी ब्लॉकों में आयोजित किए जा रहे हैं। इन अवसरों पर महिलाएं बिना किसी हिचकिचाहट के खुलकर प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए अपने अधिकार व कर्तव्य समझ सकती हैं, और स्वयं मीटिंगों में भाग लेते हुए पंचायतों को सौंपे गए कार्य कर सकती हैं। इन मीटिगों में उन महिला सरपंचों व पंचों को स्वयं भाग लेने का अधिकार है उनके निकट संबंधियों को नहीं।
    हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी के पूर्व
प्रधानाचार्य एवं समन्वयक ईश्वर सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अपने गांव के विकास के लिए वार्षिक योजना व बजट तैयार करके ग्रामसभा की सावनी की बैठक में प्रस्तुत करेंगी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत के कार्यों में सार्वजनिक स्थानों से नाजायज कब्जे हटवाना, कृषि विकास, पशुपालन को प्रोत्साहन, पीने के पानी का प्रबंध, सफाई, कमजोर वर्ग का कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली को उचित ढंग से लागू करने में सहायता करना आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारी ग्राम पंचायत के साथ तालमेल रखते हुए कार्य करेंगे
    प्रशिक्षक ने बताया कि मनरेगा के अधीन एक तिहाई महिलाओं को रोजगार देना आवश्यक है और महिलाओं को भी पुरुष के बराबर मजदूरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की एक माह में सार्वजनिक स्थान पर दो बैठकें होना आवश्यक है। प्रत्येक पंच के पास कम से कम तीन दिन पहले एजेंडा भिजवाने की जिम्मेदारी ग्राम सचिव की होती है।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ओढ़ां बलराज सिंह ने कहा कि नवनिर्वाचित महिला प्रतिनिधि पूरे आत्मविश्वास के साथ सक्रियता से गांव विकास का कार्य करें। उन्होंने बताया कि मनरेगा गांव की तस्वीर बदल सकती है और आर्थिक रूप से सब सक्षम हो जाएं ऐसा ही सब चाहते हैं। इस अवसर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी बलराज सिंह, पंचायत समिति ओढ़ां के चेयरमैन जगदेव सिंह, समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी भूप सिंह, ग्राम सचिव प्रेम कंबोज, सरपंच जसपाल कौर सिंघपुरा, मंदोरी देवी पन्नीवाला मोटा, कुलविंद्र कौर चकेरियां और राजबाला नुहियांवाली सहित खंड ओढ़ां के अनेक गांवों की महिला सरपंच व पंच उपस्थित थी।

Monday, March 7, 2011

पंचायती भूमि से नाजायज कब्जे हटवाने हटाने का प्रस्ताव डाला

 ओढां,
    ग्राम पंचायत कालांवाली की ग्रामसभा की बैठक का आयोजन गांव के सरपंच गुरचरण सिंह ठानी की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में ग्राम सचिव प्रेम कंबोज, पटवारी सतपाल, पंच जंटा सिंह, गुरतेज सिंह, प्रकाश चंद, झंडा सिंह, हंस राज, रेशमा देवी, बलवीर कौर, जसपाल कौर, अंग्रेज कौर और मुख्य शिक्षिका सिमरजीत कौर सहित अनेक गांववासी उपस्थित थे।
    इस बैठक में पंचायती भूमि की निशानदेही करवा नाजायज कब्जे हटवाने, गांव की फिरनी को पक्का करने और गंदे पानी की निकासी हेतु नाला बनाने, ओढ़ां कैंचियों से लेकर शमशान घाट तक रास्ते को पक्का करने, आम रास्तों पर पुलियां बनाने, सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण करने, पीने के पानी हेतु नलकूप लगाने, जिन लोगों के बीपीएल कार्ड नहीं हैं उनके कार्ड बनवाने तथा कच्ची गलियों को पक्का करने आदि कार्यों से संबंधित प्रस्ताव डाले गए।

Saturday, March 5, 2011

गलियों को साफ सुथरा बनाने का अभियान शुरू

 ओढ़ां
    ओढ़ां की गलियों में मिट्टी व कूड़ा कर्कट जमा होने और लोगों द्वारा सफाई करवाए जाने की मांग पर ग्राम पंचायत द्वारा गलियों
से कूड़ा कर्कट उठाकर उन्हें साफ सुथरा बनाने का अभियान चलाया जा रहा है। सरपंच नरेंद्र मल्हान ने बताया कि सफाई का यह अभियान शनिवार को गांव के पुरानी मंडी क्षेत्र से आरंभ कर दिया गया है जिसके तहत गांव की सभी गलियों की सफाई करवाई जाएगी और जो नालियां मिट्टी डालकर बंद कर दी गई हैं उनमें से मिट्टी निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा लगाए गए मजदूर गलियों से उठाई गई मिट्टी व कूडे कर्कट को पंचायती भूमि पर डाला जा रहा है। गांववासियों ने ग्राम पंचायत के इस कार्य का स्वागत करते हुए इसे एक अच्छा कदम बताया है।

छायाचित्र:  पुरानी मंडी क्षेत्र में एक गली से मिट्टी उठाते मजदूर।

Thursday, March 3, 2011

बीपीएल कार्डों का सर्वे दोबारा करने का प्रस्ताव डाला

 ओढां,
    खंड के गांव तारूआना में ग्रामसभा की बैठक गांव के समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी भूप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस बैठक में सरपंच राजेंद्र सिंह, ग्राम सचिव विष्णुदत्त, पंच हरदम सिंह, मीता सिंह, हरवंस सिंह, रणजीत कौर, सुखदीप कौर, सर्वजीत सिंह, नछतर सिंह, राजेंद्र सिंह, साधू सिंह और सहायक प्रताप सिंह सहित अनेक गांववासी उपस्थित थे। इस बैठक में अनुसूचित जाति की चौपाल की रिपेयर करने, शमशानघाट की सफाई करने, बीपीएल कार्डों का सर्वे दोबारा करने, गांव में आम रास्तों व पंचायती भूमि पर पौधारोपण करने, सार्वजनिक स्थानों पर ऊंची नीची जगहों पर मिट्टी डालकर उन्हें समतल करने, खेतों में खालों को पक्का करने और गांव की सभी गलियों को पक्का करने आदि कार्यों से संबंधित प्रस्ताव डाले गए।

Monday, February 28, 2011

धर्मशाला को कंडम घोषित करके नए सिरे से बनाया जाएगा

 ओढ़ां
    खंड के गांव दादू में ग्रामसभा की बैठक का आयोजन सरपंच दलीप सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में पंचायतीराज के कनिष्ठ अभियंता ओमप्रकाश, ग्राम सचिव विष्णुदत्त वर्मा, पंच सुखदेव सिंह, हरभजन सिंह, मक्खन सिंह, सहायक सूरज सिंह और ब्लॉक समिति ओढ़ां की सदस्या जसपाल कौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस बैठक में 1986 में बनी खस्ताहाल सामान्य धर्मशाला को कंडम घोषित करके नए सिरे से बनाने, खेतों के ऊंचे नीचे रास्तों पर मिट्टी डालने, कच्ची गलियों को पक्की करके नालियां बनाने और रास्तों पर पुलियां बनाने, जोहड़ों में से गाद निकालने, पंचायती भूमि पर पौधारोपण करने आदि कार्यों से संबंधित अनेक प्रस्ताव डाले गए। इसी प्रकार गांव सिंघपुरा में सरपंच जसपाल कौर, लकडांवाली में सरपंच मनदीप सिंह, हस्सू में निंदर सिंह की अध्यक्षता में ग्रामसभा की बैठकों का आयोजन किया गया तथा मंगलवार को गांव ओढ़ां, पन्नीवाला मोटा, नौरंग, धर्मपुरा, खतरावां और माखा में ग्रामसभा की बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

Friday, February 25, 2011

ग्राम पंचायत की भूमि स्कूल को दी जाएगी

. ओढ़ां  न्यूज
    खंड के गांव असीर में ग्राम सरपंच कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत की ग्रामसभा का आयोजन किया गया जिसमें ग्राम सचिव कर्ण सिंह, कनिष्ठ अभियंता राजाराम, पंच बलवीर सिंह, सुखदर्शन सिंह, प्रगट सिंह, टेक सिंह, परमजीत कौर, नंबरदार करतार सिंह, आंगनबाड़ी वर्कर बीरपाल कौर, मुख्याध्यापक गुरजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस बैठक में गांव की सभी कच्ची गलियों को पक्की करने, मनरेगा के तहत सभी खालों से गाद निकालने और मेंड के साथ मिट्टी लगाने, जलघर से घासफूस आदि साफ करवाने, मिडल स्कूल को अपग्रेड करके हाई स्कूल बनाने, मिडल स्कूल को हाई स्कूल बनाने हेतु स्कूल के पीछे पड़ी ग्राम पंचायत की 4 एकड़ भूमि को मिडल स्कूल की भूमि में मिलाने, गांव में आम रास्तों व शामलात भूमि की पैमाइश करवाने, गांव के आम रास्तों व खेतों को जाने वाले रास्तों पर मिट्टी डलवाने, खालों की मुरम्मत व खस्ताहाल खालों को नए सिरे से बनाने, गांव में सार्वजनिक स्थानों पर पौधारोपण व खुदाई कार्य करवाने तथा स्कूल में दो कमरों का निर्माण करवाने आदि कार्यों से संबंधित प्रस्ताव डाले गए। इसी प्रकार गांव सालमखेड़ा में सरपंच अवतार सिंह, किंगरे में सरपंच हरप्रीत कौर और असीर में सरपंच कुलदीप सिंह की अध्यक्षता में ग्रामसभा की बैठकों का आयोजन किया गया।

Friday, December 10, 2010

पिछड़ा वर्ग अनुदान निधि के तहत ग्रामसभा की बैठकें 15 दिसंबर से

ओढ़ां- हमारी माटी

    पिछड़ा वर्ग अनुदान निधि (बी.आर.जी.एफ) के अंतर्गत आगामी 15 दिसंबर से खंड ओढ़ां की सभी ग्राम पंचायतों की ग्रामसभा की बैठकों का आयोजन निम्रलिखित कार्यक्रम के तहत किया जाएगा।
    यह जानकारी देते हुए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ओढ़ां बलराज सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 दिसंबर को ग्राम पंचायत ओढ़ां, पन्नीवाला मोटा, पिपली, माखा, कालांवाली, नौरंग और सिंघपुरा की ग्रामसभा की बैठकें गांव के पंचायत घरों अथवा स्कूलों में बुलाई जाएंगी। इसी प्रकार 16 दिसंबर को ग्राम पंचायत खोखर, तिलोकेवाला, चठ्ठा, जलालआना, आनंदगढ़, जगमालवाली और धर्मपुरा की बैठकें गांव के पंचायत घरों या स्कूलों में, 17 दिसंबर को ग्राम पंचायत रोहिडांवाली, असीर, खतरावां, तिगड़ी, तारुआना, मिठडी और तख्तमल की बैठकें गांव के पंचायत घरों या स्कूलों में, 20 दिसंबर को ग्राम पंचायत चोरमार, देसू मलकाना, घुकांवाली, ख्योवाली, केवल और टप्पी की बैठकें गांव के पंचायत घरों में, 21 दिसंबर को ग्राम पंचायत गदराना, किंगरे, जंडवाला जाटान, नुहियांवाली, चकेरियां और दादू की बैठकें गांव के पंचायत घरों व सोसाइटी में तथा 22 दिसंबर को ग्राम पंचायत हस्सू, मलिकपुरा, लकडांवाली और सालमखेड़ा की बैठकें गांव के पंचायत घरों में आयोजित की जाएंगी।
    इन बैठकों में विभिन्न गांवों से संबंधित ग्राम सचिव उमेद कुमार, जयपाल, नरेंद्र सिंह, कर्ण सिंह, प्रेमचंद कंबोज, जसविंद्र सिंह और विष्णुदत्त आदि शामिल होंगे तथा विस्तार अधिकारियों के रूप में बीडीपीओ बलराज सिंह, एसईपीओ भूप सिंह, एबीपीओ सुनील कुमार, सहायक अमरीक सिंह, पटवारी सतपाल एवं जेई धर्म सिंह, राजा राम, देवेंद्र बांसल तथा ओम प्रकाश आदि अध्यक्षता करेंगे।