Showing posts with label समस्या. Show all posts
Showing posts with label समस्या. Show all posts

Saturday, February 26, 2011

मार्ग की हालत खस्ता ग्रामीण परेशान

 ओढ़ां
    गांव बनवाला के नुहियांवाली रोड से लेकर रिसालियाखेड़ा रोड तक मार्ग की हालत खस्ता है। जिसके कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों साहबराम नंबरदार, टेकचंद खीचड़, रोहताश गोदारा, रायसिंह, हरीराम, कालूराम, विकास खीचड़, मनफूल व श्रवण आदि ने बताया कि जरा सी बरसात होने पर इस मार्ग पर पानी इकठ्ठा हो जाता है क्योंकि जल निकासी अवरुद्ध है। उन्होंने बताया कि नई ग्राम पंचायत बनने के बाद लगभग सौ वर्ष पुराने जोहड़ की 6 कनाल भूमि पर लोगों ने कब्जा जमाना शुरू कर दिया है और पंचायती भूमि पर मिट्टी डालकर पानी की निकासी को बिल्कुल अवरुद्ध कर दिया है। इसके अलावा नजदीक स्थित खाल के साथ लगाने के लिए पंचायत द्वारा मिट्टी भी डलवाई जा रही है जो इस समस्या को और बढ़ा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि इस रास्ते की जल निकासी हेतु नाले का निर्माण किया जाए ताकि ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
    गांव के सरपंच भरत सिंह से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि मार्ग पर खाल के लिए डलवाई गई मिट्टी को जल्द ही उठा लिया जाएगा और मार्ग पर जो पानी एकत्र होता है उसके लिए जल्द ही जोहड़ तक नाला बनाकर इस समस्या को हल कर दिया जाएगा।

Friday, December 10, 2010

मुन्नावाली पंचायतघर की रिपेयर की मांग

बनवाला—जसवंत जाखड़

    गांव मुन्नावाली में स्थित जलघर के निकट स्थित पंचायतघर की हालत जर्जर हो चुकी है और बरामदे की दीवारों में दरारें आ गई है।
मुन्नावाली में स्थित पंचायतघर का दृश्य
    गांववासी संदीप कुमार, महेंद्र आचार्य, धर्मबीर, राम सिंह, सुनील कुमार, रवि कुमार और सुरेंद्र कुमार आदि ने बताया कि करीब 20 वर्ष पूर्व बनाए गए पंचायतघर में छह कमरे व एक बरामदा है और इसके बाहर एक चबूतरा बना हुआ है। इस पंचायतघर में बिजली की भी कोई व्यवस्था नहीं है। बिजली का कनेक्शन कट जाने के बाद इसमें की गई फिटिंग को शरारती तत्वों ने तोड़ फोड़ दिया है तथा पंचायतघर का मुख्य द्वार भी तोड़ दिया गया है। यह पंचायतघर बुजुर्गों के आराम करने के लिए तथा पंचायत की बैठक के लिए बनाया गया था लेकिन इसकी हालत जर्जर होने के कारण अब इसका कोई उपयोग नहीं हो रहा। इसमें पानी की व्यवस्था हेतु एक नलकूप भी लगाया गया था जो कि अनेक वर्षों से बंद पड़ा है। गांववासियों की मांग है कि इसकी रिपेयर करवाकर इसे इस योग्य बनाया जाए कि इसका उपयोग हो सके।
    इस विषय में गांव की सरपंच इंद्रा देवी से बात किए जाने पर उन्होंने बताया कि पंचायतघर के लिए रेजूलेशन डाला गया है और ग्रांट की राशी आते ही इसकी चारदीवारी व मुख्य द्वार बनाकर इसकी सफाई और रिपेयर करवा दी जाएगी ताकि यह गांववासियों के किसी काम आ सके।